सिंगरौली: सरई थाना क्षेत्र के ग्राम गोरा निवासी पुष्पेंद्र साहू की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को पुलिस ने मृतक का कंकाल परिजनों को सौंपा, जिसके बाद गुस्साए परिजन थाने पहुंचकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर जांच में लेटलतीफी और लापरवाही के आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि बेटे की मौत को एक माह से अधिक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। मृतक के पिता ज्योतिष लाल साहू ने आरोप लगाया कि पुलिस सहयोग नहीं कर रही और अब सोशल मीडिया पर संदिग्ध लोग उनके दूसरे बेटे को भी धमका रहे हैं।गौरतलब है कि पुष्पेंद्र साहू 7 जुलाई को लापता हुआ था और 19 जुलाई को उसका कंकाल घर से करीब 4 किलोमीटर दूर बिखा झरिया के जंगल में रेत के गड्ढे से बरामद हुआ था।
वहीं थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि परिजनों द्वारा बताए गए 20 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर है, इसलिए जांच में समय लग रहा है। पुलिस साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही निष्कर्ष पर पहुंचने का दावा कर रही है।
