सिंगरौली: सरई तहसील के कठदहा पंचायत अंतर्गत मटिया गांव में धामड़ नदी पर करीब 2 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से चार साल पहले पुल तो बन गया, लेकिन आज तक पक्की सड़क नहीं बन सकी। बरसात में पुल तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
करीब तीन किलोमीटर का रास्ता बेहद खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि एम्बुलेंस तक गांव नहीं आ पाती और मरीजों व गर्भवती महिलाओं को खाट पर अस्पताल ले जाना पड़ता है। दो दर्जन गांवों के लोग इसी मार्ग पर निर्भर हैं, जहां से रोजाना लगभग 200 वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका।
