
डिंडोरी। डिंडोरी नगरी को मां नर्मदा के प्रथम पड़ाव होने का गौरव प्राप्त है। यही वह पावन भूमि है, जहां परिक्रमा पथ पर चलने वाले श्रद्धालु मां नर्मदा के साक्षात दर्शन कर अपने जीवन को धन्य मानते हैं। किंतु जब इसी प्रथम पड़ाव पर मां नर्मदा का निर्मल आंचल गंदे नालों से मैला होता दिखे, तो भक्तों के हृदय में उठने वाली पीड़ा स्वाभाविक है। बुधवार को कुछ ऐसा ही दृश्य डेमघाट पर देखने को मिला, जब लगभग 40 से 50 परिक्रमावासियों ने नालियों के माध्यम से बहती गंदगी को सीधे मां नर्मदा में समाहित होते देखा। यह दृश्य उनके लिए असहनीय था। श्रद्धा पर कुठाराघात से आहत परिक्रमावासियों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने घाट के समीप मुक्तिधाम मार्ग पर लगभग आधे घंटे तक चक्का जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सतीश द्विवेदी तहसीलदार रामप्रसाद मार्को के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिक्रमावासियों की व्यथा को गंभीरता से सुना और नगर पालिका कर्मी सुरेन्द्र बिहारी शुक्ला को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिक्रमावासियों ने जाम हटाया। इस दौरान बड़ी संख्या में नर्मदा सेवक, श्रद्धालु एवं नगर के युवा भी एकजुट होकर परिक्रमावासियों की पीड़ा में सहभागी बने।
