
इंदौर। पलासिया क्षेत्र में सुबह मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से पिस्टल अड़ाकर चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद बुलेट बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को धरदबोचकर उनके पास से लूटी गई सोने की चैन, देशी पिस्टल और बाइक बरामद कर ली है।
घटना 4 जून की सुबह कल्पना लोक कॉलोनी के गार्डन में हुई थी। महिला के गले से करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चैन लूटकर दोनों आरोपी बुलेट बाइक से भाग निकले थे। इस दौरान बदमाशों की पिस्टल की मैगजीन घटनास्थल पर गिर गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पलासिया पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान मुखबिर की सूचना पर की गई। जानकारी मिली कि ये दोनों आरोपी सुबह 5 से 8 बजे के बीच उसी इलाके में बाइक से घूमते देखे गए हैं। इसी आधार पर पुलिस टीम ने मॉर्निंग गश्त के दौरान चेकिंग अभियान चलाया। 6 जून की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खजराना चौराहा और बंगाली चौराहा के बीच घेराबंदी की। इस दौरान बुलेट पर सवार दोनों संदिग्ध दिखाई दिए और पुलिस वाहन देखकर भागने की कोशिश में बाइक से फिसलकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से एक देशी पिस्टल (बिना मैगजीन), लूटी गई चैन और घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक जब्त की गई।
