
मास्को, 11 अगस्त (वार्ता/स्पुतनिक) रूस के निज़नेकामस्क पर यूक्रेन द्वारा सोमवार को किये गये हमले में विदेशी नागरिकों की मौत पर रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है। उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त को निज़नेकामस्क, तातारस्तान में आम नागरिकों के ठिकानों पर यूक्रेन द्वारा किए गए हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से ज़्यादातर विदेशी नागरिक थे। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पीड़ितों में उज़्बेकिस्तान के आठ और ताजिकिस्तान का एक नागरिक शामिल था। इसमें लगभग 20 विदेशी नागरिक घायल हुए हैं।
रूसी प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि कीव के नव-नाज़ियों ने जान-बूझकर उन जगहों को निशाना बनाया जहां हमारे मित्र देशों के लोग रहते और काम करते हैं ताकि हमारे देशों के बीच दरार पैदा की जा सके और हमारे भाईचारे वाले रिश्तों को कमज़ोर किया जा सके। उन्होंने कहा, “यूक्रेनी उग्रवादियों के आतंकवादी हमलों में न केवल रूसी नागरिकों, बल्कि विदेशी नागरिकों की भी जान गई है। हम पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।” रूसी प्रवक्ता ने कहा कि रूसी विदेश मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सभी सदस्यों से यूक्रेनी नाज़ियों के बर्बर अपराधों की निंदा करने का आह्वान करता है।
