


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल मेट्रो की बहुप्रतीक्षित ऑरेंज लाइन परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने सुभाष नगर मेट्रो यार्ड से एम्स तक मेट्रो में सफर कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुभाष नगर यार्ड एवं रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन पर चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि मेट्रो के संचालन में अभी लगभग डेढ़ माह का समय और लगेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण एवं तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। यदि सब कुछ तय समय पर पूरा हो जाता है तो भोपाल मेट्रो सेवा की औपचारिक शुरुआत अक्टूबर 2025 में की जा सकती है।
सीएम डॉ. यादव के साथ इस निरीक्षण में नगरीय प्रशासन एवं विकास राज्य मंत्री कृष्णा गौर और विधायक भगवान दास सबनानी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी मेट्रो में सफर कर इसकी सुविधाओं का अनुभव लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए ताकि जनता को शीघ्र ही इस आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिल सके। राजधानी भोपाल के नागरिकों को मेट्रो के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है और यह परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
