लखीसराय, 17 अगस्त (वार्ता) बिहार में लखीसराय जिले के अशोकधाम मंदिर के समीप सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर भगदड़ मच जाने से सात श्रद्धालुओं के मरने की आशंका है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि अशोकधाम मंदिर में आज सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के बाहरी परिसर में अचानक भगदड़ मच गयी। भगदड़ में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गये।
सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले मार्ग पर रात में बिजली का पोल तार सहित गिर गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि आठ से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी दबे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है।
