सतना:अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन में लगे लोगों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने नायब तहसीलदार पर ही ट्रैक्टर ट्राली चढ़ाने की कोशिश कर दी. यह तो गनीमत रही कि सतर्कता बरतते हुए नायब तहसीलदार ने कूदकर अपनी जान बचा ली.मैहर जिले की रामनगर तहसील अंतर्गत कुबरी गांव की निवासी मुन्नी बाई रजक द्वारा अतिक्रमण संबंधी शिकायत की गई थी. जिसके आधार पर वे शुक्रवार की दोपहर 3 पटवारियों को साथ लेकर वहां पहुंचे. लेकिन उन्होंने गांव में रेत लदी एक ट्रैक्ट्रर ट्राली को संदिग्ध तौर पर जाते हुए देखा. लिहाजा ट्रैक्टर ट्राली को रोककर पूछताछ की जाने लगी.
लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर चालक रावेंद्र और उसके सहयोगी नेपाली ने ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया और नायब तहसीलदार को कुचलने की कोशिश की. मामले को भांपकर पहले से ही सतर्क रहे नायब तहसीलदार दूसरी ओर कूद गए. जिसके चलते वे ट्रैक्ट्रर ट्राली से कुचले जाने से बाल बाल बच गए. इस दुस्साहसिक प्रयास के फौरन बाद ही ट्रैक्टर ट्राली चालक वहां से भागने लगा. जिसे देखते हुए नायब तहसीलदार के साथ मौजूद राजस्व अमले ने पीछा कर पकडऩे की कोशिश की.
लेकिन ट्रैक्टर चालक ट्राली पर लदी बालू को रास्ते में गिराते हुए वहां से भाग निकला. इस घटना के दौरान आधा सैकड़ा ग्रामीण भी वहां मौजूद थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार रोशव रावत द्वारा घटना की सूचना एसडीएम रामनगर आरती सिंह को दी गई. एसडीएम द्वारा फौरन ही घटना के बारे में रामनगर थाने की पुलिस को सूचित किया गया. जिसके आधार पर पुलिस द्वारा ट्रैक्टर ट्राली जब्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और अवैध उत्खनन की धााराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी.
अवैध रेत खनन का गढ़
रामनगर थाने की मर्यादपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाला कुबरी गांव अवैध रेत खनन और परिवहन का गढ़ बन चुका है. यहां पर हर रोज खुलेआम ट्रैक्टर और ट्रकों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उठाकर भेजी जाती है. ऐसा भी नहीं है कि पुलिस को इस बावत जानकारी नहीं है. लेकिन समय समय पर वाइरल होने वाले वीडियो अथवा ऑडियो पुलिसिया कार्यशैली की कलई खोलते नजर आते हैं. वहीं अब नायब तहसीलदार के साथ इस तरह की दुस्साहसिक घटना सामने आने पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग की जाने लगी है
