
मंदसौर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महावीर इंटरनेशनल मंदसौर के तत्वावधान में गौशाला प्रोजेक्ट के अंतर्गत गोपाल कृष्ण गौशाला, बस स्टैंड, मंदसौर में गौ सेवा का आयोजन किया गया। संस्था के वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष वीर मनसुखलाल मारवाड़ी द्वारा अपनी पूज्य माताजी की पावन स्मृति में आयोजित इस सेवा कार्य में गौ माता को गुड़ एवं हरी घास का आहार अर्पित किया गया।
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण गौशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय लोढ़ा ने उपस्थित सदस्यों को गौशाला के गौरवपूर्ण इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गौशाला की शुरुआत किस प्रकार हुई, प्रारंभिक दौर से शासन का सहयोग किस तरह मिलता रहा है तथा इसी के साथ जनसहयोग और समाजसेवियों के योगदान से गौशाला निरंतर विकसित होती गई। आज गौशाला एक सक्षम एवं सुव्यवस्थित रूप से नगर में गौ सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनी हुई है।
महावीर इंटरनेशनल के गवर्निंग काउंसिल मेंबर राकेश जैन ने अपने उद्बोधन में आज के सेवा प्रकल्प के लिए मारवाड़ी परिवार की सराहना करते हुए कहा कि “गौ सेवा केवल एक धार्मिक भावना नहीं, बल्कि जीव मात्र के प्रति करुणा और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।” उन्होंने जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आयोजित इस सेवा कार्य को अनुकरणीय बताते हुए उपस्थित सभी सदस्यों को इससे प्रेरणा लेकर निरंतर सेवा गतिविधियों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
संस्था अध्यक्ष अरविंद कुदार ने कहा कि “महावीर इंटरनेशनल का मूल उद्देश्य ही सेवा के माध्यम से समाज में संवेदना, करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। जन्माष्टमी जैसे पावन अवसर पर गौ सेवा करना भगवान श्रीकृष्ण के गौ प्रेम के संदेश को आत्मसात करने का सुंदर माध्यम है। गौ सेवा जैसे प्रकल्प जीवदया के साथ-साथ समाज को सेवा के लिए प्रेरित करने का अवसर प्रदान करते हैं। संस्था भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर गति प्रदान करेगी।”
कार्यक्रम में रीजनल सेक्रेटरी आयुष जैन, जोन कोऑर्डिनेटर गुणवान सिंह कोठारी, निवर्तमान अध्यक्ष भागचंद खंडेलवाल, पूर्व अध्यक्ष राकेश चौधरी, कोषाध्यक्ष अशोक ओस्तवाल, प्रवक्ता नवीन छिंगावत सहित बड़ी संख्या में वीर एवं वीराओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का संचालन सचिव ऋषभ फांफरिया ने किया तथा आभार सहसचिव योगेश भट्ट ने माना।
कार्यकारिणी से सुजानमल ओस्तवाल, भावेश बक्षी, लोकेंद्र फांफरिया, प्रदीप कचोलिया, दिलीप जैन नाकोड़ा, राजेश नामदेव, मांगीलाल राठौड़, पंकज मित्तल, प्रतीक माहेश्वरी एवं सदस्यों में गौरव रतनावत, ओम गोयल, सत्यनारायण गोयल, विकास बंबोरिया, वैभव कुदार, दिलीप डोसी, राहुल बावेल एवं रवि जैन उपस्थित रहे।
वीराओं में सुनीता कुदार, प्रेमलता मारवाड़ी एवं अंजलि सोमानी ने अपनी उपस्थिति प्रदान की।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित यह गौ सेवा प्रकल्प भगवान श्रीकृष्ण के गौ प्रेम, जीवदया और सेवा भावना का संदेश देते हुए संपन्न हुआ। महावीर इंटरनेशनल परिवार मंदसौर ने इस अवसर पर “गौ सेवा ही सच्ची सेवा” के संकल्प को सार्थक किया।
