
ग्वालियर। नई दिल्ली के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 8वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस में ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर सहभागिता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सामाजिक परिवर्तन, समावेशिता, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहा है।
खेल विषय पर आयोजित परिचर्चा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुए सांसद खेल महोत्सव से शहरों के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच मिला हैं। सांसद खेल महोत्सव का मंच न सिर्फ हमारे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रहा है, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम वर्क और राष्ट्र प्रेम की भावना भी भर रहा है। खेलों के जरिए हम एक समावेशी समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित करने के काम में जुटा फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा यह आयोजन किया गया। यह संगठन युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अर्तंगत काम करता है। 8वां राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान सम्मेलन का समापन कल शनिवार को दिल्ली के कन्वेंशन सेंटर, में ही होगा। यह राष्ट्रीय सम्मेलन देशभर से सांसदों, नीति-निर्माताओं, खेल प्रशासकों, शिक्षाविदों, शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञों, युवा नेतृत्वकर्ताओं एवं शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाकर भारत में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श के लिए आयोजित किया गया।
