
पिपलियामंडी। कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी के एक व्यापारी के 136.85 क्विंटल लहसुन की हेराफेरी कर अमानत में खयानत करने के मामले में पिपलियामंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लहसुन की हेराफेरी से अर्जित 8 लाख 72 हजार 810 रुपए नकद तथा परिवहन में इस्तेमाल किया गया करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर ट्रक जब्त किया है। पिपलियामण्डी टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया कि वारदात में आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था। मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जनाकारी के अनुसार पिपलियामंडी निवासी कृषि मंडी व्यापारी लोकेश पिता शंकरलाल हरजानी को पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी स्थित गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी से 432 बोरी लहसुन का ऑर्डर मिला था। लहसुन का कुल वजन 136.85 क्विंटल था।
व्यापारी ने माल को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए मंदसौर स्थित आसाम-बंगाल एमडी रोड लाइन्स ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आयशर ट्रक बुलवाया था। 23 अगस्त 2026 को आयशर ट्रक क्रमांक एचआर 39 जी 8686 व्यापारी की फर्म पर पहुंचा। ट्रक में चालक दिनेश पिता जोगिंदर सिंह निवासी लुडास, हिसार, हरियाणा के साथ अकबर अंसारी भी मौजूद था। व्यापारी ने 432 बोरी लहसुन ट्रक में लोड करवाकर पश्चिम बंगाल में डिलीवरी के लिए रवाना किया था। लहसुन लेकर रवाना होने के बाद निर्धारित स्थान पर माल की डिलीवरी नहीं की गई। आरोपियों ने रास्ते में ही लहसुन की हेराफेरी कर दी। जब व्यापारी को माल की डिलीवरी नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले की शिकायत 25 अगस्त को पिपलियामंडी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 316(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी और साइबर जांच से सामने आई पूरी कड़ी मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। साथ ही साइबर सेल मंदसौर की तकनीकी सहायता से ट्रक की लोकेशन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि लहसुन की हेराफेरी के लिए जिस आयशर ट्रक का इस्तेमाल किया गया था, उस पर एचआर 39 जी 8686 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ट्रक का वास्तविक पंजीयन नंबर एमपी 09 बीएम 4221 पता किया।
इंदौर से ट्रक मालिक गिरफ्तार
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को इंदौर में दबिश देकर ट्रक मालिक जफर पिता हुसैन खान, उम्र 41 वर्ष, निवासी मदारीपुरा की चाल, परदेशीपुरा, इंदौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लहसुन की हेराफेरी से अर्जित 8,72,810 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया वास्तविक नंबर एमपी 09 बीएम 4221 वाला आयशर ट्रक भी जब्त कर लिया । जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार मामले में चालक दिनेश सिंह, अकबर अंसारी और शाहीद अंसारी की भूमिका सामने आई है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया गिरफ्तार ट्रक चालक को नारायणगढ़ कोर्ट में पेश किया, जिसे जेल भेजने के आदेश हुए है।
फ्लैशबैक:
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 3 घंटे बंद रही थी नीलामी
लहसुन से भरा ट्रक गायब होने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 28 अगस्त को कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी के व्यापारियों ने नीलामी बंद कर दी थी। व्यापारियों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। इससे मंडी में करीब तीन घंटे तक नीलामी का काम प्रभावित रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने व्यापारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने नीलामी पुनः शुरू कर दी थी।
