
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विश्व हाथी दिवस’ पर बुधवार को हाथियों को भारत की पारिस्थितिकी विरासत का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उनके संरक्षण के लिए काम कर रहे लोगों के प्रयासों की सराहना की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “यह खुशी की बात है कि भारत में दुनिया के 60 प्रतिशत से अधिक जंगली एशियाई हाथी पाए जाते हैं।
देश में 33 हाथी अभयारण्य हैं, जो हाथियों को आवास उपलब्ध कराने और उनके दीर्घकालिक संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
प्रधानमंत्री ने हाथी संरक्षण से जुड़े वनकर्मियों, वैज्ञानिकों, पशु चिकित्सकों, महावतों और स्थानीय समुदायों के योगदान की भी सराहना की है। इसके साथ ही श्री मोदी ने हाथियों के दो चित्र भी पोस्ट किये हैं जिनमें से एक में हाथियों का झुंड खुले मैदान में विचरण कर रहा है और दूसरे चित्र में एक हाथी घने जंगल में मस्ती कर रहा है।
