ट्रम्प के बयान का श्वेतपत्र पर जवाब दे सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अनुसार यूएसएड से 21 मिलियन डॉलर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले हैं तो अब श्री मोदी की जिम्मेदारी है कि वह श्री ट्रम्प के बयान पर देश को जवाब दें।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अब खुद राष्ट्रपति ट्रम्प ने कह दिया है कि पैसा श्री मोदी को गया है तो मुद्दे को भटकाने की बजाय इस राशि का पाई-पाई हिसाब श्वेत पत्र के माध्यम से देश को देना चाहिए। उन्होंने श्री ट्रम्प का बयान सुनते हुए दावा किया है कि 21 मिलियन डॉलर श्री मोदी को चुनाव प्रभावित करने के लिए दिए गये हैं।

श्री खेड़ा ने कहा,”ट्रम्प के इस बयान के बाद आज भाजपा में चारों तरफ चुप्पी है लेकिन हम श्री मोदी से जानना चाहते हैं कि ये पैसा कहां गया। ट्रम्प के बयान से साफ है कि 21 मिलियन डॉलर यानी करीब 181 करोड रुपये श्री मोदी को दिया गया है। यह फंड चुनावों को प्रभावित करने और वोटर टर्नआउट बढ़ाने के लिए दिए। हम लगातार वोटर टर्नआउट के बारे में सरकार से सवाल कर रहे हैं और अब पूछ रहे हैं कि क्या इसी पैसे से वोटर टर्न आउट बढ़ रहा है। कितना भी विदेशी फंड आए वह भारत के लोकतंत्र को कमजोर नहीं कर पाएगा।”

उन्होंने कहा,“ वर्ष 2001 से 2024 तक भारत को 2.1 अरब डॉलर मिले हैं। इस राशि का 44.4 प्रतिशत मोदी सरकार बनने के बाद आया है और 40 प्रतिशत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के समय आया गया था इसलिए इस मामले में श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए कि भारत में अमेरिका से कब और कितना पैसा आया और किस-किसको यह पैसा गया इस पूरे विवरण के साथ श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए। इस श्वेत पत्र में कोविड तथा नोटबंदी के समय भी जो पैसा आया है उसका पूरा हिसाब सबके सामने आए इसीलिए हम सरकार से यूएसएड को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं।”

Next Post

हमास ने बंधक शिरी बिबास का शव इजरायल को सौंपा

Sat Feb 22 , 2025
यरूशलम, 22 फरवरी (वार्ता) फिलीस्तीनी विद्रोही संगठन हमास ने कहा है कि शुक्रवार रात गाजा में अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) के माध्यम से इजरायल को सौंपे गए उसके बंधक शिरी बिबास के शव की फोरेंसिक विश्लेषण से पुष्टि हुई है। इजरायल के सरकारी स्वामित्व वाले कान टीवी न्यूज और […]

You May Like