
सीधी। लोक निर्माण विभाग सीधी के अंतर्गत ढोंगा मेरटोला से जमुवा नं. 2 मार्ग (लंबाई 3.30 किमी) के निरीक्षण में गंभीर कमियां सामने आईं। 23 जुलाई 2025 को उच्च स्तरीय जांच दल ने निरीक्षण में बिटुमिन लेयर, कुल मोटाई, कैरिजवे में पोल, पुलिया डिजाइन, साइड स्लोप व कम्पेक्शन सहित कई खामियां पाईं। जांच रिपोर्ट पर 24 जुलाई को संविदाकार ऑरटेक्स इंजीनियरिंग साल्यूशन को 15 दिन में जवाब देने का नोटिस जारी किया गया, जवाब न मिलने पर पंजीयन निलंबन/काली सूची में डालने की चेतावनी दी गई।
प्रश्न यह है कि क्या खामियों के लिए केवल संविदाकार जिम्मेदार है? निरीक्षण व गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि लापरवाही स्पष्ट है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, एसडीओ स्तर के अधिकारी को बचाने के लिए सब इंजीनियर पर निलंबन की कार्रवाई की गई। प्रमुख अधिकारी पर कार्रवाई न होने से जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी रीवा ने कहा, स्थानीय अधिकारियों पर कार्रवाई जांच दल ही तय करेगा।
