
सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली जिले के सरई में आयोजित महिला सशक्तिकरण तथा आदिवासी गौरव सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में 503 करोड़ रूपये की लागत के 54 निर्माण कार्यो का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली प्रदेश के नक्शे में भोपाल से दूर है, लेकिन मेरे दिल के सबसे करीब है। सिंगरौली के विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी जायेगी। सिंगरौली में 9 हजार अनुसूचित जनजाति परिवारों को वनाधिकार पट्टे का लाभ दिया गया है। धरती आबा योजना, जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं से लाखों जनजाति परिवार लाभ उठा रहे हैं। सिंगरौली में देश में कोयले की सबसे मोटी परत है। सिंगरौली देश की उर्जाधानी है। वही आगे कहा कि बरगवां से परसौना तक फोरलेन सड़क बनाई जायेगी। सरई में एसडीएम कार्यालय और 100 बेड का अस्पताल परीक्षण करके बनाया जायेगा। माड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन किया जायेगा। सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे के निर्माण में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी का ठेका समाप्त कर दिया गया है। नई एजेंसी तय करके टेण्डर की कार्यवाही कर दी गई है। बरसात के बाद इस सड़क का तेजी से निर्माण कार्य किया जाएगा। मुख्यंमत्री ने कहा कि आज हमारी सरकार ने प्रदेश के 94 हजार प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि प्रदान की है। जिन बच्चों ने 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हे लैपटॉप दिया गया है। शिक्षा के विकास के लिए हमने दो साल में 15 हजार विद्यार्थियों को स्कूटी दी है। शिक्षा के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी। गुरू पूर्णिमा पर स्कूल भवनों और सड़कों का लोकार्पण पूरे प्रदेश में किया जायेगा। कक्षा 9वीं और कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल दी जा रही है। भगवान कृष्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए उज्जैन के संदीपनि आश्रम आये थे। महाऋषि संदीपनि ने भगवान कृष्ण को 64 कलाओं में प्रवीण किया। हम संदीपनि विद्यालयों के माध्यम से प्रदेश में लाखों कृष्ण बनायेंगे। कृष्ण और सुदामा की मित्रता की परम्परा को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से प्रधानमंत्री ने लाखों गरीब परिवारों को लाभान्वित किया है। अब तक जो गरीब परिवार इस योजना के लाभ से वंचित रह गये हैं, उनका सर्वेक्षण किया जा रहा है। सभी पात्र व्यक्ति इसमें अपना नाम शामिल करायें। प्रधानमंत्री ने आयुष्मान कार्ड योजना से 5 लाख रुपए तक की नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी है। एयर एंबुलेंस से रोगियों को नि:शुल्क बड़े अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अंगदान करने वालों को हम सम्मानित करेंगे तथा उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का तेजी से विकास हो रहा है। कश्मीर में आतंकवादियो ने दुस्साहस दिखाकर कायराना हमला किया, तो वही देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सेना ने दुश्मन के घर में घुसकर उसे मारा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने देश की सेना के गौरव में चार चांद लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों के सम्मान और गरीबों के कल्याण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हमने कैबिनेट की बैठक भी रानी दुर्गावाती और राजा भभूत सिंह की स्मृति में आयोजित की। मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने श्रीअन्न तथा महुये से बने लड्डूओं का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने लाडली लक्ष्मी योजना तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। सम्मेलन में जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके पीएचई मंत्री, राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक सिहावाल विश्वामित्र पाठक, पूर्व विधायक सुभाष रामचरित, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, कांत देव सिंह, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, अनुराधा सिंह, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और हजारों महिलाएं मौजूद रही। वही उक्त सम्मेलन में कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह, कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला, एसपी मनीष खत्री सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
श्रीअन्न खरीदने पर किसानों को मिलेंगे एक हजार रूपये
श्रीअन्न खरीदने पर किसानों को एक हजार रूपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि दी जा रही है। किसानों से 2600 रूपये प्रति क्विंटल में गेंहू की खरीद की गई। जहां देश में सर्वाधिक है। महिलाओं के लिए हमने बजट में 27 हजार 147 करोड़ रूपये का प्रावधान किया है। इसमें से केवल लाडली बहना योजना के लिए ही 18 हजार 699 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है। प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख महिलाओं को लाडली बहना योजना का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पौधा रोपण कर एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया।
विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए रखी मांगे, गुदुम-बाजा से स्वागत
इस अवसर पर समारोह में विधायक देवसर राजेन्द्र मेश्राम ने स्वागत उद्बोधन देते हुये क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगे रखीं। विधायक ने देवसर विधानसभा क्षेत्र में 5 सीएम राइज स्कूल, 4 कॉलेज तथा गोढ़ परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का सरई पहुंचने पर परम्परागत आदिवासी लोक नृत्य गुदुम-बाजा से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के साथ मादल पर थाप दी। मुख्यमंत्री को रंग-बिरंगी आदिवासी टोपी पहनाकर और धनुष बाण भेंट करके स्वागत किया गया।
दीपावली से लाडली बहनों के खाते में आएंगे हर माह 1500 रूपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बहनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। रक्षाबंधन में लाडली बहना योजना से लाभान्वित बहनों को 1250 रुपए की राशि के साथ 250 रूपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। हम महीने भर रक्षाबंधन का त्योहार मनाएंगे। दीवाली से लाडली बहना योजना से 1500 रूपये की राशि हर माह दी जायेगी। लाडली लक्ष्मी योजना से 51 लाख बेटियाँ लाभान्वित हुई हैं। इनमें से पात्र बेटियों को लाडली लक्ष्मी बेटियों को 672 करोड़ रूपये की राशि दी गई है। प्रदेश के 5 लाख महिला स्व सहायता समूहों से जुड़ी 62 लाख बहनों को कई आर्थिक लाभ दिए गए हैं। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत सीटें बहनों को दी जायेंगी ।
