नये भारत के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहा वंदे मातरम : रेखा

नयी दिल्ली, 7 नवंबर, (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम् हमें ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और सामूहिक संकल्प के साथ नये भारत के निर्माण हेतु प्रेरित कर रहा है।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने ‘वन्दे मातरम् ‘की 150वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली अवसर हमारे आत्म गौरव, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय पुनर्जागरण का अद्वितीय क्षण है।

उन्होंने कहा ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश “विकसित भारत” के महाअभियान की ओर तेज गति से बढ़ रहा है। वन्दे मातरम् का यह अनंत राष्ट्र-प्रेम हमें ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और सामूहिक संकल्प के साथ नये भारत के निर्माण हेतु प्रेरित कर रहा है।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सरकार के स्कूलों का वीडियो साझा करते हुए कहा ”वन्दे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्षों के इस ऐतिहासिक अवसर पर जिस तरह हमारे स्कूल के बच्चे पूरे उत्साह, ऊर्जा और सामूहिक भाव से इस राष्ट्रगीत को एक स्वर में गा रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उनकी मधुर आवाज़ों में राष्ट्र के प्रति अटूट प्रेम, गर्व और एकता की अद्भुत झलक दिखाई देती है। यह दृश्य न सिर्फ हमारे दिलों को छू जाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी यह संदेश देता है कि मातृभूमि के सम्मान में हम सभी सदैव एकजुट हैं, यही हमारे राष्ट्र की असली शक्ति है।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा ”आज से 150 वर्ष पूर्व, इस गीत ने केवल स्वर नहीं दिया, बल्कि करोड़ों भारतीयों के हृदय में मां भारती के लिए समर्पण, त्याग और तपस्या का संकल्प जगाया। “वंदे मातरम्” सिर्फ राष्ट्रीय गीत नहीं, यह एक भाव, एक ऊर्जा, और स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है। इसी गीत ने अनगिनत देशवासियों को मातृभूमि के लिए काम करने का उत्साह और हज़ारों वीरों को हंसकर अपने प्राण न्यौछावर करने का साहस दिया।

 

 

Next Post

वंदे मातरम भारत की चेतना का उद्घोष है: वैष्णव

Fri Nov 7 , 2025
नयी दिल्ली 07 नवंबर (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्र गीत वंदे मातरम् को भारत की चेतना का उद्घोष बताया है। ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर शुक्रवार को रेल भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्री वैष्णव के अलावा ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक […]

You May Like