वाराणसी, 20 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 अप्रैल को बरेका में ‘नारी शक्ति महोत्सव’ का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को वाराणसी में आगामी 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। बैठक में महानगर व जिला इकाइयों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बरेका परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को पूर्ण रूप से नारी सशक्तिकरण को समर्पित किया जाएगा और इसकी पूरी कमान मातृशक्ति को सौंपी जाएगी। कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यापक जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक जिम्मेदारियों का निर्धारण तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का मंत्र दिया गया।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से अब तक महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा उनकी सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर कार्यक्रम राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक होता है और इस बार वाराणसी का यह आयोजन नारी सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण बनेगा।
धर्मपाल सिंह ने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि संगठनात्मक क्षमता और पूर्ण समर्पण के साथ तैयारियों में जुटें, ताकि यह कार्यक्रम देशभर में एक मजबूत संदेश दे सके कि भारत की नारी नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं की आर्थिक उन्नति और सामाजिक सम्मान को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।
बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में भी चर्चा हुई। धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस अधिनियम को संसद में प्रस्तुत किया गया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया, जिससे उनका महिला-विरोधी चेहरा उजागर हो गया।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का रवैया महिलाओं के प्रति नकारात्मक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधित स्वरूप को लेकर विपक्ष ने अपनी महिला-विरोधी मानसिकता का परिचय दिया।
दिलीप पटेल ने बताया कि बरेका परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन पर उनका भव्य स्वागत करेंगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल स्वागत का अवसर होगा, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद तथा उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जब कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी मातृशक्ति संभालेगी, तो यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा और देशभर में सकारात्मक संदेश देगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश व काशी को छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शिलान्यास और लोकार्पण वाली योजनाओं की सूची अभी अंतिम रूप से निर्धारित नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास, लाट भैरव सेतु का लोकार्पण, रामनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा अमृत योजना 2.0 के तहत सूजाबाद और रामनगर, वरुणा पार्क की 814 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा सकता है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री काशी में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन 29 अप्रैल को यहां से प्रस्थान करेंगे।
