जबलपुर: नियमों की धज्जियां कैसे सड़क पर उड़ाई जाती हैं इसकी बानगी नगर निगम के कचरा वाहन चालक इन दिनों आए-दिन शहर की सड़कों पर पेश करते नजर आ रहे हैं। सड़ांध मारता हुआ कचरा, तेज रफ्तार से भाग रहा ट्रक और उसके पीछे चल रहे वाहन चालक ट्रक को कोसते हुए नजर आए….पूरा नजारा त्रिपुरी चौक का है जहां कचरे से लोड नगर निगम के ट्रक क्रमांक एमपी 20 जी 6948 का चालक तेज रफ्तार से कचरा उड़ाते हुए कचरा प्लांट जा रहा था। इसी बीच जागरूक शहरवासियों ने ट्रक की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड की और नगर निगम प्रशासन के आला अधिकारियों से मांग की कि इस तरह नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कभी नहीं होती चिह्नित कर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार नियमों की माने तो कचरा वाहन चालक को सूखा कचरा और गीला कचरा अलग-अलग हिस्सों में वाहन में लोड करके पॉलिथिन से पैक करना चाहिए और उसके बाद उसका परिवहन करना चाहिए लेकिन नियमों की धज्जियां अधिकांश कचरा वाहन चालक उड़ाते नजर आए हैं जिसकी मुख्य वजह ये है कि नगर निगम के आला अधिकारियों द्वारा ऐसे कई वाहन चालकों को आज तक कभी चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जानकारों का कहना है कि अगर कार्रवाई होती तो कचरा वाहन चालकों के मन में निगम प्रशासन की कार्रवाई का डर होता और वे ऐसे खुले में कचरा का परिवहन नहीं करते नजर आते।
ग्रीन नेट से ढंककर परिवहन के निर्देश
जानकारी के अनुसार नगर निगम के नए कचरा वाहनों में कवर लगे हुए हैं और कुछ पुराने वाहनों में कवर नहीं है। पुराने वाहन चालकों को निगम प्रशासन की ओर से ग्रीन नेट दी जाती है और निर्देश दिए जाते हैं कि वह कचरे को ग्रीन नेट से ढंककर कचरे का परिवहन करें। लेकिन जमीनी हकीकत जब सामने आती है तो उसमें नियमों की अवहेलना ही नजर आती है।
इनका कहना है–
— हमारे द्वारा ग्रीन नेट से और पॉलिथिन से कचरा कवर कर परिवहन करने के निर्देश चालक को दिए जाते हैं। लापरवाही करने पर कुछ चालक और हैल्पर को हटाया भी गया है। अगर कोई शिकायत सामने आती है तो उस पर कार्रवाई जरूर की जाएगी।
अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, ननि जबलपुर
