रोजगार, भर्ती में देरी और कर्ज पर कांग्रेस का सरकार पर हमला

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने रोजगार के दावों, भर्ती परीक्षाओं में देरी, कथित पेपर लीक और बढ़ते सरकारी कर्ज को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

पटवारी ने कहा कि इंदौर से उज्जैन जा रही “मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा” की चलती बस में आग लगने की घटना ने सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर उजागर कर दिया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित युवा सम्मेलन में पुलिसकर्मियों द्वारा युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारी को निलंबित करने की मांग भी की।

उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग में करीब 1,500 से 1,600 पद रिक्त हैं और कई परीक्षाएं तथा नियुक्तियां वर्षों से लंबित हैं। अगले वर्ष एक लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले भी 2.5 लाख और पांच लाख नौकरियां देने के दावे किए जा चुके हैं।

पटवारी ने दावा किया कि प्रदेश में पांच लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं, जबकि रोजगार पोर्टल पर 25 लाख से अधिक बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। उन्होंने करीब तीन लाख शिक्षकीय पद रिक्त होने और 17 सरकारी विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर के 86 से 87 प्रतिशत पद खाली होने का भी दावा किया।

बढ़ते कर्ज पर पटवारी ने कहा कि प्रदेश की देनदारियां करीब छह लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई हैं। उन्होंने 2026-27 के बजट में 71,458 करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे का भी उल्लेख किया।

पटवारी ने रिक्त पदों की जानकारी सार्वजनिक करने, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, पेपर लीक की स्वतंत्र जांच कराने, चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने और विश्वविद्यालयों में पारदर्शी भर्ती सहित सात मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं से जुड़े मुद्दे सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाती रहेगी।

Next Post

‘We Will Do It’ के संकल्प से गूंजा बैतूल, विकसित भारत का लिया संकल्प

Wed Oct 7 , 2026
आलीराजपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के दौरान बैतूल में ‘We Will Do It’ के संकल्प की गूंज सुनाई दी। सेवा संकल्प यात्रा में कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए एकजुट होकर योगदान देने का संकल्प लिया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like