गड़चिरौली में छात्राओं के सर्पदंश से मौत पर एनएचआरसी ने लिया स्वत: संज्ञान

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने महाराष्ट्र के गड़चिरौली जिले के एक आश्रम विद्यालय के छात्रावास में छह आदिवासी छात्राओं को सांप के काटने और इनमें से तीन की मौत की मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने शुक्रवार को बताया कि आयोग ने मामले को गंभीर मानवाधिकार मुद्दा मानते हुए महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छात्रावास में पर्याप्त खाट उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्राएं कथित तौर पर फर्श पर सोने को मजबूर थीं।

इसी दौरान छह छात्राओं को सांप ने काट लिया। इनमें से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आयोग ने राज्य सरकार से घायल छात्राओं की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी रिपोर्ट में शामिल करने को कहा है। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में सामने आए तथ्य सही पाए जाते हैं तो यह छात्राओं के मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला है। आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव से घटना के कारणों, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं सहित पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 अगस्त को प्रकाशित खबर के अनुसार, छात्रावास के एक ही कमरे में 79 छात्राएं रह रही हैं। करीब 25 वर्षों से संचालित इस छात्रावास में कथित तौर पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गड़चिरौली जिले में हर वर्ष बड़ी संख्या में सर्पदंश के मामले सामने आने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।

.....

Next Post

नालसर के विधि स्नातकों के खिलाफ बार काउंसिल के आदेश पर सीजेआई की सख्त टिप्पणी

Fri Aug 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) के हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय विधि अध्ययन एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (नालसर) के 2026 बैच के छात्रों के वकालत पंजीकरण पर रोक लगाने के परिपत्र पर उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को कड़ी आपत्ति जताई। मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की […]

You May Like