बीएचईएल में योग एवं वेलनेस कार्यक्रम का शुभारंभ

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” विषय पर आधारित 10 दिवसीय वेलनेस पहल का शुभारंभ किया गया है। मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 16 से 26 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए 13 सत्र आयोजित किए जाएंगे।

यह पहल भारत सरकार के वेलनेस विजन, फिट इंडिया मूवमेंट तथा आयुष मंत्रालय के निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ उम्र बढ़ने और समग्र स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों के अनुरूप है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र “सूर्य नमस्कार के माध्यम से योग” का शुभारंभ एचआरडीसी के विकास हॉल में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी. यू. सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक ऐसी पद्धति है जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और भावनात्मक संतुलन को मजबूत बनाती है। उन्होंने कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इससे पूर्व अपर महाप्रबंधक (एचआरडी) आरिफ अहमद सिद्दीकी ने स्वागत भाषण देते हुए स्वस्थ एवं उत्पादक कार्यबल के निर्माण में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। योगाचार्य अमृत बिंदु जी ने सत्र का संचालन करते हुए सूर्य नमस्कार के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्रृंखला के अंतर्गत योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पोषण, माइंडफुलनेस, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ बुढ़ापे जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह पहल कर्मचारियों के स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति बीएचईएल भोपाल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

Next Post

एक हजार सीट की क्षमता का बनेगा बालिका छात्रावास, कुलपति ने किया भूमि पूजन

Tue Jun 16 , 2026
सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के सरस्वती छात्रावास के नजदीक 1000 सीट की क्षमता का बालिका छात्रावास की विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर ने भूमि पूजन कर आधार शिला रखी. इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में एक हजार सीट की क्षमता वाला यह पहला […]

You May Like