एसआईआर के मैदान में जुटे भाजपाई, कांग्रेस प्रशिक्षण में

विंध्य की डायरी

डा. रवि तिवारी

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य रीवा जिले भर में युद्ध स्तर पर चल रहा है. मतदाता के सत्यापन के लिये गणना पत्रक का वितरण और संकलन का काम हो रहा है ताकि मतदाता सूची का शुद्धीकरण हो सके. भाजपा और कांग्रेस दोनो एसआईआर को लेकर सक्रिय है. यह बात और है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता से लेकर नेता तक केवल प्रशिक्षण एवं भाषण बाजी तक सीमित है. जबकि भाजपा के बूथ पन्ना प्रभारी से लेकर हर कार्यकर्ता मतदाता सूची को लेकर मैदान में ड़टा हुआ है. पार्टी के बड़े नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मतदाता सूची पर नजर बनाए हुए है ताकि पात्र मतदाताओं का नाम न हटे.

अभी हाल ही में रीवा पहुंचे प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने एसआईआर को लेकर पार्टी के नेताओं से बात की. कार्यकर्ताओं को भी पूरी निष्ठा से अभियान में जुटे रहने का मंत्र दिया. इसके उलट कांग्रेस के कार्यकर्ता तो छोडिय़े पार्षद और ब्लाक स्तर के नेता तक एसआईआर को लेकर सक्रिय नही है. केवल प्रशिक्षण शिविर में भाषण बाजी तक कांग्रेस सीमित है. मैदानी स्तर पर मतदाताओं के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता नजर नही आ रहे है. शिविर में नेता समझाइश और लापरवाही न बरतने की टिप्स दे रहे है पर मैदानी हकीकत यह है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी तरह से उदासीन है. एसआईआर को लेकर यह कहना गलत नही होगा कि रीवा कांग्रेस संगठन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मंशा के अनुरूप पूरी तरह से असफल है. हमेशा की तरह यहां केवल हवा हवाई काम चल रहा है.

किसकी पसंद का होगा नया युवा मोर्चा अध्यक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल अपनी टीम को आकार देने में लगातार सक्रिय है. बहुप्रतीक्षित भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद जिला स्तर पर अध्यक्षो की नियुक्ति को लेकर जातीय समीकरण के साथ नए चेहरे की तलाश शुरू कर दी गई है. विद्यार्थी परिषद में सक्रिय नाम पर मोहर लग सकती है. खुद को अध्यक्ष के दावेदार के रूप में देखने वाले युवा नेता जिले से लेकर प्रदेश संगठन तक अपनी दौड़ शुरू कर दी है. रीवा एवं विंध्य के अन्य जिलो में अभी जो युवा मोर्चा के अध्यक्ष है कोई खास उभर कर सामने नही आए है और न ही ऐसी कोई राजनीतिक गतिविधियां रही है जिससे विंध्य का युवा अपना ‘रोल माडल’ मान सके. पिछले कई बार से युवा मोर्चा के अध्यक्ष क्षेत्रीय संगठन और युवाओं की पसंद पर नही बल्कि यह कहें कि मुख्यालय स्तर पर थोपे जा रहे है. उम्मीद इस बार भी है कि ऊपर से ही कोई नाम आएगा. या किसी बड़े नेता की पसंद का होगा.

अब इंदौर भी दूर नहीं

रीवा एयरपोर्ट के शुभारंभ के बाद लगातार विंध्य महानगरो से जुड़ता जा रहा है. विकास को पंख लगने के साथ दिल्ली के बाद अब रीवा-इंदौर की सीधी उड़ान अगले माह से शुरू होने जा रही है. प्रतिदिन संचालित होने वाली हवाई सेवा की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. इंडिगो एयर लाइन 22 दिसम्बर से नई सीधी उड़ान शुरू करेगा. अभी तक इंदौर दूर लगता था लेकिन अब यह दूरी चंद घंटे में सिमट कर रह जाएगी. इस हवाई सेवा यात्रा से देश के महानगरो में जाना आसान होगा. हवाई सेवा की शुरूआत विंध्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी. पर्यटन के साथ औद्योगिक क्रांति में तेजी आने की उम्मीद है. सपनो के उड़ान का यह पहला पायदान है अभी बहुत कुछ आने वाला है. रनवे के विस्तार के बाद बड़े बोइंग विमान भी यहां उतारने की तैयारी है

Next Post

स्वास्थ्य सुरक्षा प्रत्येक परिवार का अधिकार : रेखा

Tue Nov 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि स्वास्थ्य सुरक्षा प्रत्येक परिवार का अधिकार है और यही हमारी सरकार का संकल्प है। श्रीमती गुप्ता ने मंगलवार को यहाँ शक्ति नगर से अलग-अलग जिलों में 70 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, […]

You May Like