अशोकनगर:जिले में रबी सीजन की फसलें इस समय प्रगति पर हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में गेहूं एवं मसूर की फसलों में पीलापन दिखाई देने की शिकायतें सामने आई हैं। किसानों की जानकारी मिलने पर कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावित गांवों का भ्रमण कर खेतों का निरीक्षण किया।मुंगावली विकासखंड के ग्राम चिरोली एवं सेहराई के किसानों ने गेहूं और मसूर की फसलों में पीलिया रोग की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया था।
जिसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र अशोकनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीएस गुप्ता, वैज्ञानिक डॉ. केके यादव, विकासखंड तकनीकी प्रबंधक डॉ. बैजनाथ सिंह यादव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रदीप कुमार गर्ग, कृषि विस्तार अधिकारी वंदना अलावे एवं राजेंद्र भूरिया की डायग्नोस्टिक टीम ने किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।निरीक्षण में गेहूं की फसल में कुछ स्थानों पर जड़ माहू रोग तथा पोषक तत्वों की कमी पाई गई, जबकि मसूर में कॉलर रॉट, फ्यूजेरियम विल्ट एवं जड़ सड़न रोग के लक्षण मिले। वैज्ञानिकों ने किसानों को उचित दवा एवं फफूंदनाशक के छिड़काव के साथ-साथ पोषक तत्व प्रबंधन की सलाह दी। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक किसानों के खेतों का निरीक्षण कर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
