नेतन्याहू ने आईसीसी के विरुद्ध प्रतिबंध लगाने के लिए ट्रम्प को धन्यवाद दिया

यरूशलम 07 फ़रवरी (वार्ता) इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) के विरुद्ध प्रतिबंध लगाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को धन्यवाद दिया।

श्री ट्रम्प ने कल एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए जिसमें अमेरिका और उसके सहयोगियों जिसमें इज़रायल भी शामिल है के उत्पीड़न के लिए आईसीसी पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।

आदेश के तहत अमेरिका ”आईसीसी के उल्लंघनों के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर ठोस और महत्वपूर्ण परिणाम”लगाएगा। परिणामों में संपत्ति और परिसंपत्तियों को अवरुद्ध करना साथ ही आईसीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंटों के साथ-साथ उनके तत्काल परिवार के सदस्यों के अमेरिका में प्रवेश को निलंबित करना शामिल है।

इजरायल के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ”एक्स” पर कहा,”राष्ट्रपति ट्रम्प आपके साहसिक आईसीसी कार्यकारी आदेश के लिए धन्यवाद। यह अमेरिका और इजरायल को अमेरिका विरोधी और यहूदी विरोधी भ्रष्ट न्यायालय से बचाएगा जिसके पास हमारे खिलाफ कानूनी लड़ाई में शामिल होने का कोई अधिकार क्षेत्र या आधार नहीं है।”

श्री नेतन्याहू ने कहा कि आईसीसी ने ”अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक ट्रायल रन के रूप में इजरायल के खिलाफ एक क्रूर अभियान चलाया है” और इस प्रकार श्री ट्रम्प का आदेश दोनों देशों की संप्रभुता की रक्षा करता है।

उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने 21 नवंबर 2024 को युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों का हवाला देते हुए श्री नेतन्याहू और पूर्व इजरायली रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

श्री नेतन्याहू के कार्यालय ने अदालत पर पलटवार करते हुए उस पर इजरायल को अलग-थलग करने और यहूदी राष्ट्र के खिलाफ आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप लगाया।

 

Next Post

पंड्याखेड़ी रेलवे ट्रैक के पास मिली छात्र की लाश

Fri Feb 7 , 2025
घटनास्थल पर पहुंची दो थानों की पुलिस, हत्या की आशंका जताई     उज्जैन। मक्सी रोड स्थित पंड्याखेड़ी के समीप शुक्रवार को एफसीआई गोडाउन से लगे हुए रेलवे ट्रैक के पास कक्षा ग्यारहवीं के छात्र की लाश मिलना सामने आया है। जानकारी मिलते ही मौके पर दो थानों की पुलिस […]

You May Like

मनोरंजन