उत्तर प्रदेश : महिला आयोग ने सुनीं 19 शिकायतें, आठ मामलों का मौके पर निस्तारण

ग्रेटर नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में बुधवार को ग्रेटर नोएडा में महिला जनसुनवाई आयोजित की गयी, जिसमें घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण और उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई की गयी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई में पुलिस विभाग से जुड़े 19 मामलों की सुनवाई हुई। इनमें आठ शिकायतकर्ता महिलाएं स्वयं उपस्थित हुईं और आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

डॉ. भराला ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए तथा प्रत्येक महिला फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है।

जनसुनवाई के बाद डॉ. भराला ने नोएडा के सेक्टर-44 स्थित महामाया बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित ‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और संवैधानिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी तथा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी एवं सरकारी सहायता का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुनीति, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) नेहा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार सिंह, एडीसी जितेंद्र मौर्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Next Post

राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास पर हमला करना चाहते थे क्या : शिंदे

Thu Jul 23 , 2026
कोल्हापुर/सतारा,(वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर दिये गये धरने को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए बुधवार को सवाल किया कि क्या वह प्रधानमंत्री के आवास पर हमला करना चाहते थे। सतारा जिले के दारे गांव में आयोजित संवाददाता सम्मेलन […]

You May Like