
इंदौर. गुरुवार दोपहर पटेल ब्रिज पर नगर निगम का पानी का टैंकर अचानक बेकाबू हो गया. अनियंत्रित टैंकर ने सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 4 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं आक्रोशित लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा टैंकर के ब्रेक फेल होने से हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टैंकर अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और आगे बढ़ते हुए कई कारों और बाइकों को टक्कर मारता चला गया. टक्कर इतनी तेज थी कि तीन से चार कारें और दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं. बताया गया कि स्थिति बिगड़ती देख चालक ने टैंकर को फुटपाथ की ओर मोड़ दिया, जिससे वह रुक गया और बड़ा हादसा टल गया. यदि टैंकर आगे बढ़ता रहता तो और भी गंभीर नुकसान हो सकता था. हादसे में टैंकर में सवार एक व्यक्ति सहित 4 लोगों के घायल होने की सूचना है. हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है. घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. स्थानीय लोगों ने खराब हालत वाले वाहन को सड़क पर उतारने को लेकर नाराजगी जताई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
