सतना : शहर में सीवार लाइन से संबंधित कार्यों के जरिए नगरवासियों को मिलने वाला संत्रास कम होने का नाम नहीं ले रहा है. कुछ दिन पहले ही कोतवाली चौक के निकट खोदा गया गड्ढा लोगों की मुसीबत का सबब बना हुआ था. वहीं अब जयस्तंभ चौक मार्ग पर खोदा गया गड्ढा जानलेवा साबित होता नजर आने लगा है.कोतवाली चौक से जयस्तंभ चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर जाने वाली को खोदे हुए सप्ताह भर से अधिक समय बीत चुका है. लेकिन अब तक वहां पर न तो पाइप लाइन ही डाली जा सकी और न ही गड्ढों को भरने का कार्य ही शुरु हो सका.
बाजार क्षेत्र के सबसे प्रमुख मार्ग पर खोदे गए गड्ढों के कारण नगरवासी न सिर्फ पिछले सप्ताह भर से भीषण जाम की समस्या से जूझते आ रहे थे. बल्कि हर दिन कोई न कोई दोपहिया वाहन सवार के गिरकर घायल होने की जानकारी भी सामने आ रही थी. लेकिन गुरुवार को मामला उस वक्त गंभीर होता नजर आया जब जयस्तंभ चौक के निकट एक इलेक्ट्रिक आटो गड्ढे की चपेट में आ गया. गड्ढे की चपेट में आने के कारण आटो पलट गया. जिसके चलते उसमें सवार सावरियां भी घायल हो गईं. लेकिन सबसे अधिक चोट आटो में मां की गोद में बैठे छोटे से बच्चे को लगी.
जिसके चलते उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना होती देख आस पास के लोगों ने फौरन मदद करते हुए पलटे हुए आटो को कड़ी मशक्कत कर सीधा किया. नाली में गिरा बाइक सवारनगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की लापरवाही का एक और नमूना गुरुवार को ही जयस्तंभ चौक से नजीराबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर भी दिखाई दी. मार्ग पर जाम लगे होने के कारण बाइक सवार ने किनारे से वाहन निकालने का प्रयास किया. लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे परिवार समेत नाली में जा गिरे. मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभालते हुए बाहर निकाला. बताया गया कि उक्त स्थान पर नाली निर्माण का कार्य जारी है. लेकिन इसके बावजूद भी निर्माण क्षेत्र में किसी तरह की घेराबंदी कर उक्त स्थान को लोगों के लिए सुरक्षित नहीं किया गया है.
