
जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर विकास की गति में और अधिक पंख लगे इसके लिए शहर के देवतुल्य नागरिकों की आवश्यकताओं एवं हितों को ध्यान में रखते हुए महात्वपूर्ण निर्णय लिये गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संचालित 6 प्रोजेक्ट में से 2 प्रोजेक्ट तिलहरी और मोहनिया में जहांहैं, जैसे है के आधार पर नए सिरे से विकसित करने के संबंध में निविदा जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गयी। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि तिलहरी और मोहनिया आवासीय परियोजनाओं को बहुत तेज गति से पूरी कराई जायेगी, जहां पर हजारों हितग्राहियों एवं जरूरतमंदों को स्वयं के आशियाने का सपने पूरे होगें। अब बहुत ही सस्ती दरों पर जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराये जायेगें।
सफाई व्यवस्था में नए ठेकेदारों को मिलेगा मौका
मेयर इन काउंसिल की बैठक में आज शहर की सफाई व्यवस्था में और अधिक आमूलचूल परिवर्तन लाने नए सिरे से नए ठेकेदारों का चयन करने के उद्देश्य से निविदा जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गयी, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने पूर्व से चिन्हित 64 पार्किंग स्थलों को संचालित करने टेण्डर जारी करने की भी स्वीकृति प्रदान की गयी। इस मौके पर महापौर ने कहा कि पार्किंग स्थलों की व्यवस्था, शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जानकारी के अनुसार मेयर इन काउंसिल की बैठक में शासन के निर्देशानुसार नगर निगम के पेंशनर्स को 53 प्रतिशत से बढ़ाकर मंहगाई भत्ते को 55 प्रतिशत भुगतान करने की स्वीकृति प्रदान करने के साथ-साथ लीज नवीनीकरण और नामकरण करने के भी प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है।
कई सड़कों के नामकरण पर स्वीकृति
महापौर ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम से बिरसा मुण्डा तिराहे से महाराजपुर तक की सड़क का नामकरण, मुनी श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज के नाम से पुरानी श्याम टॉकीज से शहीद स्मारक के मुख्य मार्ग का नामकरण, वरिष्ठ पत्रकार काशीनाथ शर्मा के नाम से सिविल लाइन स्थित इलाहाबाद बैंक चौक से सांई मंदिर तक मार्ग का नामकरण, भगवान चित्रगुप्त तिराहे से नागरथ चौक तक का मार्ग जस्टिस राज कृष्ण तन्खा के नाम से करने की स्वीकृति प्रदान की गयी। वहीं बी.टी. तिराहे का नामकरण लद्यु काशी तिराहा के नाम से नामकरण करने एम.आई.सी. ने मंजूरी दी। बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉं. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार,अपर आयुक्त अरविन्द शाह, व्ही.एन. बाजपेयी, सहित समस्त उपायुक्त, सहायक आयुक्त, विभागीय प्रमुख एवं मेयर इन काउंसिल के सचिव अनिल जोशी आदि उपस्थित रहे।
