
जबलपुर। आंनद नगर अधारताल के पास नगर निगम कर्मचारियों का एक ऐसा उदासीन रवैया सामने आया जिसने जिम्मेदार अधिकारियों के तमाम विकास के दावे और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के तरीके पर सवालिया निशान लगा दिए। हुआ यूं कि आनंद नगर रोड के पास पानी की पाइप लाइन अचानक फूट गई। पानी सड़क पर बहता देख स्थानीय दुकानदारों व लोगों ने नगर निगम के जिम्मेदारों को फोन लगाकर सूचना दी और मांग की पाइप लाइन का सुधार कार्य किया जाए। जानकारी के अनुसार सूचना मिलने के बाद मौके पर नगर निगम का अमला तो पहुंचा लेकिन काम करने नहीं आराम फरमाने।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में स्पष्ट देखा गया कि नगर निगम का अमला एक तरफ बैठकर आराम फरमा रहा है और दूसरी तरफ पाइप लाइन से बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ ही बह रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी नवभारत को बताया कि नगर निगम का अमला मौके पर तो आ गया लेकिन वह आराम फरमाता रहा जिस कारण सुधार कार्य में बहुत देरी हुई और बड़ी मात्रा में पाइप लाइन से पानी बहता रहा। पूरे मामले में अब देखना होगा कि निगमायुक्त द्वारा लापरवाह निगम के कर्मचारियों पर किस तरह की कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। पाइप लाइन फूटने के मामले में कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने अभी तक चुप्पी साधी हुई है।
