नयी दिल्ली 26 मई (वार्ता) भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल आई वियर बनाने वाली कंपनी ओकले के ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किये गये हैं।
कंपनी ने आज यहां कहा कि शुभमन गिल भारत में ‘आर्टिफैक्ट्स फ्रॉम द फ्यूचर’ अभियान का चेहरा होंगे। शुभमन गिल क्रिकेट की दुनिया में सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक हैं। गिल ने अपने स्थिर प्रदर्शन, शानदार शॉट्स और दबाव में भी अच्छे खेल के साथ पूरी दुनिया में अपने फैन बना लिए हैं। उनकी उपलब्धियाँ और बेहतरीन सफर भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जिससे दृढ़ निश्चय और उत्कृष्टता की शक्ति का प्रदर्शन होता है।
इस पर शुभमन गिल ने कहा,“मैं ओकले से जुड़कर बहुत उत्साहित हूँ। यह ब्रांड परफॉर्मेंस, प्रगति और जुनून का प्रतीक है। ये गुण मुझे बहुत प्रभावित करते हैं। जब भी मैं मैदान पर रहा हूँ, ओकले हर बार मेरे क्रिकेट के सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहा। हर ओकले उत्पाद में उनकी इनोवेटिव लेंस और फ्रेम टेक्नोलॉजी मेरी परफॉर्मेंस बढ़ाने में मदद करती है। वे बहुत स्टाईलिश हैं, इसलिए मुझे बहुत पसंद हैं।”
कंपनी के वरिष्ठ ब्रांड बिज़नेस प्रबंधक साहिल जंदियाल ने कहा, “खेल में ओकले की जड़ें बहुत गहरी हैं। यह खिलाड़ियों के समुदाय और संस्कृति के साथ परफॉर्मेंस की सीमाएं बढ़ाते रहने के लिए प्रेरित करता है। परफेक्शन और प्रगति की ओर निरंतर बढ़ते हुए शुभमन गिल ओकले की इसी भावना को आत्मसात करते हैं। मुझे विश्वास है कि यह साझेदारी लाखों लोगों को लगातार तब तक आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित करेगी, जब तक वो सर्वश्रेष्ठ न बन जाएं।”
उन्होंने कहा कि टीम ओकले के रूप में शुभमन गिल ओकले-वर्स में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के समूह में शामिल हो जाएंगे, जिनमें किलियन एम्बाप्पे, डामियान लिलार्ड, पैट्रिक माहोम्स 2 शामिल हैं, जो खेल और संस्कृति के क्षेत्र में असाधारण ताकत हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में नए कीर्तिमान बना रहे हैं।

