
आलीराजपुर । नवभारत जिला संवाददाता। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में सभी विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और कार्यक्रम गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, भूमि आवंटन, ई-केवाईसी, संबल योजना, श्रम योगी मानधन योजना तथा स्कूल-आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बलराम कृषि महोत्सव अब 21 जुलाई के स्थान पर 23 जुलाई को चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए कृषि एवं संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
