गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्ज को 10 रनों से हराया

नवी मुम्बई 10 जनवरी (वार्ता) कप्तान एश्ले गार्डनर (65/ एक विकेट), अनुष्का शर्मा (44) और सोफी डिवाइन (38) के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात जायंट्स महिला ने शनिवार को वूमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज महिला को 10 रनों से शिकस्त दी।

208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्ज महिला की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में किरण नवगिरे (एक) का विकेट गंवा दिया। उन्हें रेणुका सिंह ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद कप्तान मेग लेनिंग और फीबी लिचफील्ड की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। नौवें ओवर में जॉर्जिया वेयरहम ने लेनिंग (30) और हरलीन देओल को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। अगले ही ओवर में रेणुका सिंह ने दीप्ति शर्मा (एक) को अपनी ही गेंद कैच आउट कर गुजरात जायंट्स को चौथी सफलता दिलाई। पांचवें विकेट के रूप में श्वेता सहरावत 17 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुई। 16वें ओवर में सोफी डिवाइन ने फीबी लिचफील्ड को आउटकर गुजरात जायंट्स को छठी सफलता दिलाई। फीबी लिचफील्ड ने 40 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 78 रनों की पारी खेली। 18वें ओवर में एश्ले गार्डनर ने डिएंड्रा डॉटिन (12) को आउट किया। सोफी एकल्सटन (11) आठवें विकेट के रूप में आउट हुई। यूपी वॉरियर्ज महिला टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 197 रन ही बना सकी और 10 रनों से मुकाबला हार गई। सोभना आशा ने 10 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाये।

गुजरात जायंट्स महिला के लिए रेणुका सिंह, सोफी डिवाइन और जॉर्जिया वेयरहम ने दो-दो विकेट लिये। एश्ले गार्डनर और राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां यूपी वॉरियर्ज महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स महिला के लिए बेथ मूनी और सोफी डिवाइन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। सोफी एकल्सटोन ने बेथ मूनी (13) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अनुष्का शर्मा और कप्तान एश्ले गार्डनर की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। 17वें ओवर में डिएंड्रा डॉटिन ने अनुष्का शर्मा (30 गेंदों में 44 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। गुजरात जायंट्स का चौथा विकेट 18वें ओवर में एश्ले गार्डनर के रूप में गिरा। उन्हें सोफी एकल्सटोन ने बोल्ड आउट किया।

एश्ले गार्डनर ने 41 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 65 रनों की पारी खेली। गुजरात जायंट्स् ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 207 रनों का स्कोर खड़ा किया। जॉर्जिया वेयरहम 10 गेंदों में (27) और भारती फूलमाली सात गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रही।

यूपी वॉरियर्ज के लिए सोफी एकल्सटोन ने दो विकेट लिये। डिएंड्रा डॉटिन, शिखा पांडे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

मेसी या एमबाप्पे मेरा 16 गोल का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं: मिरोस्लाव क्लोज

Sat Jan 10 , 2026
बर्लिन, 10 जनवरी (वार्ता) वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड स्कोरर मिरोस्लाव क्लोज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कनाडा, मैक्सिको और संयुक्त राज्य अमेरिका में 2026 के टूर्नामेंट में उनके 16 गोल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। पूर्व जर्मनी स्ट्राइकर ने कई टीवी इंटरव्यू में कहा, “मुझे पता था कि एक […]

You May Like