नयी दिल्ली, 12 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने सीलमपुर की जनता मजदूर कॉलोनी में मकान ढहने के बाद चार लोगों की मौत और मेट्रो सुरंग के कारण आजाद मार्केट में जर्जर इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत पर दुख व्यक्त किया है और प्रदेश सरकार से मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को दो-दो रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग की है।
श्री यादव ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि पांच लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए और उनके खिलाफ संख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए उच्च स्तरीय जांच करवायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दर्दनाक हादसों के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का घटना स्थल पर नहीं पहुंचना दिल्ली वालों के प्रति उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीमती गुप्ता को दिल्ली के गरीब लोगों की कोई चिंता नही है। वह सिर्फ अपने प्रचार प्रसार में लगी हैं। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल को मुस्तफाबाद में चार मंजिला ढहने से 11 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुयी।
कांग्रेस नेता ने इन घटनाओं के लिए प्रदेश की मौजूदा सरकार पर लापरवाही और अनदेखी करने का आरोप लगाया और पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
