नयी दिल्ली, 7 जून (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बयान जारी कर रविवार को कहा है कि कांग्रेस पार्टी के बूथ एजेंट बीएलए -1 और बीएलए -2 कार्यकर्ता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पूरी तरह सतर्क रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से न हटाया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में वोट हटाने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस मजबूती से विरोध करेगी। श्री देवेंद्र यादव ने दिल्ली प्रभारी काज़ी निज़ामुद्दीन के साथ बदरपुर और महरौली जिलों में आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
श्री देवेंद्र यादव ने बताया कि हाल ही में प्रशिक्षित बीएलए-1 स्वयंसेवक अब दिल्ली के प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर दलितों, अल्पसंख्यकों, गरीबों और पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के वोट न काटे जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए अभियान चलाएंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करेंगे।
