
छिंदवाड़ा। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और खाद्य पदार्थों की मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटखोरों पर नजरें तेज कर दी हैं। प्रदेशभर में चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत छिंदवाड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने मोर्चा संभालते हुए मिठाई दुकानों, होटलों और बड़े रिटेल मार्ट में औचक निरीक्षण किया। पिछले सप्ताह चलाए गए अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 32 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
बड़े रिटेल मार्ट में भी पहुंची जांच टीम
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने छिंदवाड़ा शहर के प्रमुख रिटेल प्रतिष्ठानों रिलायंस रिटेल मार्ट, नागपुर रोड, डी-मार्ट, परासिया रोड तथा विशाल मेगा मार्ट का औचक निरीक्षण किया। त्योहार के दौरान इन प्रतिष्ठानों से बड़ी संख्या में लोग खाद्य सामग्री की खरीदी करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए टीम ने यहां उपलब्ध विभिन्न खाद्य पदार्थों और मिठाइयों की जांच की। इस दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से पांच-पांच, यानी कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
परासिया में होटल और मिठाई दुकानों की जांच
परासिया शहर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी गीतराज गेदाम की संयुक्त टीम ने गुप्ता होटल, पीयूष होटल, बालाजी राजस्थान स्वीट्स और होटल जैनसंस का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से सात खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग की भी जांच की गई।
चौरई, हर्रई और उमरेठ में भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार घाघरे की टीम ने चौरई, हर्रई और उमरेठ क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सोनी नमकीन, मानव मंदिर, एलपी डील और पवार होटल की जांच कर नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जामई और तामिया में भी सैंपलिंग
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या मार्को की टीम ने जामई और तामिया क्षेत्र में बीकानेर स्वीट्स, जय भोले होटल, वर्मा होटल और गुप्ता होटल का निरीक्षण किया। टीम ने इन प्रतिष्ठानों से 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन अथवा मिलावट की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर नजर रहेगी, जिसके आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई तय होगी।
