इलेक्ट्रिक कार निर्माता बीवाईडी ने दिल्ली में शुरू किया अपना सबसे बड़ा शोरूम

नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) चीन की इलेक्ट्रिक कार निर्माता बीवाईडी ने वितरक ‘पीपीएस मोटर्स’ के साथ मिलकर दिल्ली में बुधवार को अपने सबसे बड़े शोरूम का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय राजधानी के मोतीनगर इलाके में लगभग 9,000 वर्ग फुट में फैले इस शोरूम का उद्घाटन कंपनी की भारतीय इकाई बीवाईडी इंडिया के इलेक्ट्रिक कार कारोबार के प्रमुख राजीव चौहान और पीपीएस मोटर्स के प्रबंध निदेशक राजीव सांघवी ने किया। श्री चौहान ने बताया कि यह देश में बीवाईडी का 48वां और दिल्ली-एनसीआर में छठा शोरूम है। मोती नगर में स्थित यह शोरूम कंपनी के लिए एक मील का पत्थर है। फिलहाल इस शोरूम में प्रीमियम रेंज के दो कार मॉडल ‘सीलॉयन 7’ और ‘सील प्रीमियम सेडान’ उपलब्ध हैं। श्री चौहान ने बताया कि जल्द ही यहां सात प्रमुख मॉडल उपलब्ध करवाने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि ब्लेड बैट्री से युक्त ये कारें पूरी तरह सुरक्षित और टिकाऊ हैं। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में ग्राहकों को उन्नत इलेक्ट्रिक कार उपलब्ध करवा कर हम देश के स्वच्छ परिवहन में अपना योगदान देना चाहते हैं।”

श्री सांघवी ने कहा कि पीपीए मोटर्स बीवाईडी के साथ मिलकर ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्नत तकनीक वाली इन प्रीमियम कारों को लोगों तक पहुंचाना चाहता है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि देश के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक कार बाजार दिल्ली में ये कारें लोगों को आकर्षित करेंगी। श्री चौहान ने कहा कि ये कारें देश में युवाओं को खूब आकर्षित कर रही हैं। पिछले साल देश भर में बीवाईडी ने लगभग छह हजार कारें बेची थीं, जो 80 प्रतिशत का उछाल दिखाता है। देश के 40 शहरों में बीवाईडी के 48 शोरूम हैं और इन कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। बीवाईडी के अधिकारियों ने बताया कि ब्लेड 2.0 बैट्री हाल ही में पेश की गयी है जो पांच मिनट में चार्ज हो जाती हैं। देश में चार्जिंग सुविधाओं की उपलब्धता पर उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं और आने वाले समय में यह कोई बाधा नहीं होगी। उन्होंने कहा, “हम एक-एक कर इलेक्ट्रिक परिवहन की बाधाओं से पार पा रहे हैं।” श्री सांघवी ने इन कारों के विभिन्न मॉडल की उपलब्धता पर कहा कि जल्द ही सीलॉयन-7 और सील के अलावा अट्टो-3 ईएसयूवी और ईमैक्स 7 यहां उपलब्ध होंगे।

Next Post

भारतीय कंपनियों ने फरवरी में विदेश में किया 276 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष निवेश

Wed Mar 18 , 2026
मुंबई, 18 मार्च (वार्ता) भारतीय कंपनियों ने फरवरी में देश से बाहर करीब 276 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष निवेश किया। रिजर्व बैंक द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि भारतीय कंपनियों ने फरवरी 2026 में देश के बाहर इक्विटी में 110.77 करोड़ डॉलर लगाये। उन्होंने ऋणपत्रों में […]

You May Like