
भोपाल। बरखेड़ी ऑटो स्टैंड के पास टिंबर मार्केट में रविवार को दोपहर में आग लग गई. यहां भीषण आग लगने से करीब 18 फीट तक लपटें उठती रही. आग लगने की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड़ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया. भीषण आग को देखते हुए लोगों ने बाहर निकल कर खुद का बचाव किया.
जानकारी के मुताबिक मार्केट में एक दुकान में आग लगी. हवा का रूख तेज होने से आग जल्द ही फैलती गई. आग लगने की जानकारी लगते ही मार्केट के दुकानदार और ग्राहक सक्रिय हो गए और सुरक्षित स्थान पर खड़े हो गए. घटना की सूचना तुरंत ही फायर बिग्रेड़ को दी गई. मौके पर पहुंचे अमले ने आग पर काबू पाया. मार्केट के जिस स्थान पर आग लगी उसकी बाउंड्री के पीछे रेलवे ट्रैक है. इस ट्रैक से हमेशा ट्रेनों का आवागमन बना होता है. मार्केट में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट से होना फिलहाल बताया गया है. इस मौके पर बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे. इससे पूर्व भी टिंबर मार्केट में आग लगने की घटनाएं हो चुकी है. अब यहां की मार्केट को शिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है.
