इंदौर। नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला को गिरफ्तार किया है। आरोपी का असली नाम विशाल है, लेकिन वह संजय दत्त के नाम से पहचाना जाता है। पुलिस ने उसे पूर्व में गिरफ्तार किए गए ब्राउन शुगर तस्कर से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा है।
दरअसल, 4 नवंबर को क्राइम ब्रांच ने राजकुमार सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास से मनोज उर्फ मन्नू वर्मा को 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई थी। पूछताछ के दौरान निरंजनपुर नई बस्ती निवासी 21 वर्षीय विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला की भूमिका सामने आई थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नौवीं तक पढ़ा है और विजयनगर स्थित विंध्येश्वरी ट्रेवल्स में काम करता है। उसके खिलाफ लसूड़िया और परदेशीपुरा थानों में मारपीट, अड़ीबाजी और लूट के मामले भी दर्ज हैं। डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी के अनुसार, आरोपी से अब ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन, खरीदारों और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
