धुलेंडी पर पुलिस की रहेगी सख्त निगरानी, हुड़दंगियों पर कड़ी नजर

इंदौर: बुधवार को धुलेंडी पर्व के मद्देनजरशहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. जहां प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, वहीं वाहन चालकों की ब्लेथइनहेलाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.धुलेंडी पर हुड़दंग, जबरन रंग डालने, डीजे के साथ जुलूस निकालने और यातायात बाधित करने जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी.

शहर के मुख्य मार्गों पर स्थायी चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, वहीं गली-मोहल्लों में भी मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. इस दौरान एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने स्पष्ट किया कि धुलेंडी के दौरान किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि पुलिस प्रमुख मार्गों के साथ-साथ कॉलोनियों और अंदरूनी बस्तियों में भी लगातार गश्त करेगी. वाहन चालकों की ब्लेथइनहेलाइजर से जांच की जाएगी और जो भी चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
एडीसीपी दंडोतिया ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं, जबरन रंग लगाने या विवाद की स्थिति से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें. वहीं पुलिस कंट्रोल रूम और डायल सेवा को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. त्योहार के दौरान अस्पतालों और आपात सेवाओं के लिए मार्ग बाधित न हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. पुलिस का साफ संदेश हैं कि धुलेंडी उल्लास का पर्व है, लेकिन कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Next Post

शहर की नई पश्चिमी रिंग रोड के पहले चरण का काम शुरू

Wed Mar 4 , 2026
इंदौर: शहर के बाहरी रिंग रोड के पश्चिमी हिस्से का काम शुरू हो गया है। उक्त सड़क का पहला चरण 34 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है। नए पश्चिमी रिंग रोड का निर्माण एनएचएआई कर रहा है। हातोद से शिप्रा तक 64 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के दूसरा चरण का […]

You May Like