योगी शामली, बिजनौर और गाजियाबाद में करेंगे 2500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

लखनऊ, 17 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे और करीब 2,500 करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे। दौरे की शुरुआत शामली से होगी, जहां मुख्यमंत्री 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय तथा थानाभवन में राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित 1,003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर वह मुरादनगर स्थित तेजपाल त्यागी-कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। गाजियाबाद में मुख्यमंत्री 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों, विभिन्न पेयजल योजनाओं तथा अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल और अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे।

मुख्यमंत्री कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। गाजियाबाद में वह शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

 

Next Post

ओकुहारा से वॉकओवर मिलने के बाद सिंधु जापान ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचीं

Fri Jul 17 , 2026
टोक्यो, 17 जुलाई (वार्ता) बीडब्ल्यूएफ जापान ओपन सुपर 750 के क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और घरेलू पसंदीदा नोजोमी ओकुहारा के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला नहीं हो सका। जापान की स्टार ओकुहारा ने भारतीय प्रतिद्वंद्वी सिंधु को वॉकओवर दे दिया। इसी के साथ पीवी […]

You May Like