
जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री यानि जीसीएफ में सोमवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया जब फैक्ट्री के हीट ट्रीटमेंट विभाग में लोहा गर्म करते वक्त आग भड़क उठी। आग पर काबू पाने के लिए तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया जिसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि इस दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार जीसीएफ के फील्ड गन शॉप के हीट ट्रीटमेंट विभाग में तोपों के पुर्जा को हार्ड करने के लिए ओवर हेड क्रेन के माध्यम से तेल से भरे टैंक में डुबाया जाता है। जिससे कि लोहा मजबूत हो सके। इसी दौरान अचानक हीट बढ़ने से तेल टैंक में आग भड़क उठी। उधर सीजीएम ने आग लगने की परिस्थितियों के आंकलन के लिए बोर्ड आफ इंक्वायरी गठित कर दी है। जीसीएफ के सूत्रों ने नवभारत को बताया कि लोहे को पहले गर्म करके बहुत लाल किया जाता है और फिर उसे पक्का करने गर्म तेल में डाला जाता है। इसी काम के दौरान ये आग लगी है। ये आग रेगुलर प्रोसेस के तहत जैसी है क्योंकि लोहा मजबूत करने का काम जीसीएफ फैक्टरी में प्रतिदिन होता है।
