
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी गल्ला मंडी स्थित ‘मिलाप गार्डन’ के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसिद्ध गोपाल जी नमकीन के गोदाम में बीती रात 8 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और धुएं के गुबार से पूरा इलाका भर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुँचीं और घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू पाने की जद्दोजहद जारी रही।
पुरानी गल्ला मंडी का यह इलाका छतरपुर का मुख्य व्यापारिक केंद्र माना जाता है। देर शाम मिलाप गार्डन के पास स्थित गोपाल जी नमकीन के गोदाम से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की खबर फैलते ही मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, साथ ही तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर चारों ओर से पानी की बौछारें शुरू कीं। गोदाम के अंदर ज्वलनशील खाद्य सामग्री और पैकिंग मटेरियल होने की वजह से आग बुझाने में काफी समय लग रहा है। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मुस्तैद रहा ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और पास के अन्य मकानों/गोदामों तक आग को फैलने से रोका जा सके। फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। राहत की बात यह है कि घटना में फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है।
60 से 70 लाख का हुआ नुकसान
गोदाम मालिक संतोष नामदेव और अशोक नामदेव के मुताबिक आग में नमकीन और अन्य सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने 60 से 70 लाख रुपए के नुकसान की बात कही और प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। घटना के दौरान कोई जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में आक्रोश है।
