भिंड पुलिस ने 80 लाख के गुम 321 मोबाइल ढूंढकर फोन मालिकों को लौटाए

भिंड। जिले में गुम हुए मोबाइलों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 321 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 80 लाख 25 हजार रुपये है। आज सोमवार को कंट्रोल रूम में कार्यक्रम में गुम मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। जिले में लगातार गुम हो रहे मोबाइलों के आवेदन पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव तक पहुंच रहे थे। एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने सभी थानों और सायबर सेल को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रैक कर शीघ्र बरामदगी के आदेश दिए। इसके बाद साइबर सेल टीम ने अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय दीपक तोमर, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत और एसडीओपी अटेर रविंद्र वास्कले के मार्गदर्शन में सायबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मई 2025 से अब तक 321 मोबाइल ट्रैक कर लिए गए। ये मोबाइल भिंड के अलावा यूपी, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, केरल, असम और झारखंड से भी बरामद किए गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। इनमें सेना और पुलिस जवान, छात्र, गृहिणी, शिक्षक, खिलाड़ी, भूतपूर्व सैनिक और आमजन शामिल रहे। भिंड पुलिस ने इससे पहले मई 2025 में 307 मोबाइल बरामद किए थे। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Next Post

नर्सिंग छात्रों की परीक्षाओं में हो रही देरी, एनएसयूआई ने ज्ञापन सौंपा

Mon Nov 24 , 2025
जबलपुर। नर्सिंग छात्रों की परीक्षाओं में हो रही देरी के विरोध में एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर बताया गया कि नर्सिंग की परीक्षाएँ लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण चार वर्षीय प्रशिक्षण पूरा हो जाने के बावजूद अब तक केवल दो […]

You May Like