किसान आंदोलन का असर: भोपाल में ट्रैफिक बेहाल, कई स्कूलों में छुट्टी; डायवर्जन से लोग परेशान

भोपाल। किसानों के धरना-प्रदर्शन का असर अब आम लोगों की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नर्मदापुरम रोड पर पिछले दो दिनों से जारी किसान आंदोलन के चलते कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इससे हजारों लोगों को रोजाना आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार आरआरएल तिराहा ब्रिज के पास किसान आंदोलन जारी है, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की सीधी आवाजाही बंद कर दी गई है। लोगों की सुविधा के लिए कई वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। नर्मदापुरम जाने वाले वाहनों को कोलार गेस्ट हाउस तिराहा, 6-लेन रोड, होली क्रॉस स्कूल तिराहा, अमरावत कला और मंडीदीप होकर जाने की सलाह दी गई है। वहीं मंडीदीप से भोपाल आने वाले वाहनों के लिए 11 मील बायपास, नंदी चौराहा, खजूरी कला, एसओएस रोड, पिपलानी और बोर्ड ऑफिस मार्ग निर्धारित किया गया है।

किसान आंदोलन की वजह से मिसरोद, कोलार, बागमुगालिया, चुनाभट्टी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है। रोजाना ऑफिस, स्कूल और अन्य जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को लंबे जाम और ट्रैफिक डायवर्जन का सामना करना पड़ रहा है।

हालात को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के कई सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी भी घोषित कर दी है। वहीं आईएसबीटी से नर्मदापुरम, बैतूल और जबलपुर जाने वाली बसों का संचालन भी बायपास मार्ग से किया जा रहा है।

फिलहाल किसानों का आंदोलन जारी है और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।

Next Post

नागझिरी संस्थान में दर्शन के लिये उमड़े श्रद्धालु 

Wed Jul 29 , 2026
भैंसदेही। आज गुरू पूर्णिमा को नगर के आस्था केन्द्र चमत्कारिक संत श्री श्री 1008त्रिवेणी भारती नागा दादा के समाधी स्थल पर अखंड नाम स्मरण , गुरू पूजन,और महाप्रसाद का आयोजन किया गया, इस पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नागझिरी संस्थान पहुंच संत नागा दादा की समाधी पर माथा टेका […]

You May Like