
ग्वालियर। केन्द्र की मोदी सरकार का बजट इस बार हर क्षेत्र में उपलब्धि लायेगा। बजट से किसान जहां और अधिक समृद्ध होगा। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में भी काफी काम होंगे। यह बात शनिवार को भाजपा किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राजकुमार चाहर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कही।
भाजपा नेतृत्व द्वारा मोदी सरकार के बजट की उपलब्धियां जन जन को बताने के अभियान के तहत ग्वालियर आये सांसद चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को आर्थिक और समृद्धशाली व विकसित भारत बनाने के लिये 2047 का संकल्प लिया है, उसी के तहत यह बजट एक सार्थक प्रयास है। सांसद चाहर ने कहा कि सेना द्वारा आपरेशन सिंदूर के बाद से सेना को मजबूत करने के लिए बजट में 7 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार की एवं बजट की उपलब्धियां को गिनाते हुए कहा बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास सभी क्षेत्रों में मजबूती देने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट युवा शक्ति को मजबूती प्रदान करने वाला है और गांव, गरीब किसान, मजदूर, महिलाएं, एससी-एसटी, ओबीसी सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुये सबका साथ सबका विकास इसको चरितार्थ करने वाला बजट है।
उन्होंने कहा कि जैसा कि सभी जानते हैं कि वैश्विक स्थिति इस प्रकार की है विश्व की अर्थव्यवस्था को लेकर अनेक प्रकार की चुनौतियां हैं उन चुनौतियों को लेकर एक जन कल्याणकारी बजट पेश किया गया है दूरगामी परिणाम देने वाला बजट भारत के भविष्य को बदलने वाला बजट है। इसी को देखते हुये बजट की ऐसी योजना सरकार ने दी है जिससे देश के लगभग एक करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। बजट में खेलों को बढावा देने के लिये भी प्रावधान किया गया है। बजट में सस्ता सामान मिले इसके प्रयास किये गये है। बजट में युवा शक्ति के लिये शिक्षा को सेतु को जोडने की योजना है जिससे कौशल विकास को बढावा देना है। बजट में एमएसएमई को मजबूत करने के साथ ही 10 हजार करोड की योजना का प्रावधान किया गया है। स्वावलंबी भारत के तहत बढावा देने के लिये प्रस्तुत बजट में प्रावधान किया है वहीं माल को ढोने के लिये कंटेनर निर्माण को बढावा देने भी बजट के प्रावधानों में रखा गया है।
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुये नदी जोडो के तहत कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने का प्रावधान किया गया है। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना और आत्म निर्भर भारत को बढावा देने का प्रावधान भी बजट में किया गया है। पत्रकार वार्ता में मप्र के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद ग्वालियर भारत सिंह कुशवाह, मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमसिंह राजपूत, विनय जैन, दीपक शर्मा, जयप्रकाश प्रजापति आदि मौजूद थे।
