सीहोर। बीते रविवार को आष्टा में करणी सेना और वर्ग विशेष के बीच हुआ विवाद अभी थमा नहीं है कि शनिवार को हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष कालू भट्ट अपने एक साथी के साथ जेसीबी पर चढ़कर वीडियो बनाने लगे कि अगर पथराव करने वालों के मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हुई तो वह खुद जेसीबी की मदद से तोडफ़ोड़ करेंगे. पुलिस ने उन दोनों को तुरंत गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है.
तहसील मुख्यालय आष्टा में गत 21 दिसंबर की रात करणी सेना कार्यकर्ता और समुदाय विशेष वर्ग के बीच कहासुनी के बाद हुई पत्थरबाजी व वाहनों में तोडफ़ोड़ का मामला अभी शांत नहीं हुआ है. शनिवार को हिन्दू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष भविष्य उर्फ कालू भट्ट और अंकुश ठाकुर नामक युवक को जेसीबी के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लाइव चलाने का प्रयास कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद दोनों को सीहोर जेल भेज दिया.
हिउस के पूर्व अध्यक्ष कालू भट्ट और अंकुश ठाकुर जेसीबी लेकर भोपाल नाका पहुंचे थे.वह जेसीबी मशीन के साथ वीडियो बनाकर उसको सोशल मीडिया फेसबुक पर लाइव चलाने का प्रयास कर रहे थे. वीडियो में वह कहते पाए गए कि यदि प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई नहीं करता है तो स्वयं जेसीबी से पत्थरबाजों के घरों में तोडफ़ोड़ करेंगे. वीडियो का पता चलते ही पुलिस हरकरत में आई. पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में कालू भट्ट और उनके साथी को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस पर भोपाल के एक चैनल के संवाददाता व कैमरामेन के साथ हाथापाई, मारपीट और कैमरा छिनने के आरोप लगे हैं. संवाददाता और कैमरामेन कवरेज रहे थे, उसी दौरान पुलिसकर्मी उन्हेंथाने ले गए, हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया. आरोप है कि संवाददाता शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे थे.
करणी सैनिक अफवाहों पर ध्यान न दें: शेरपुर
करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर शनिवार को नगर में पहुंचे व कार्यकर्ताओं से चर्चा की. शेरपुर ने घटना के दिन जिन करणी सैनिकों से मारपीट हुई उनको सबके सामने बुलाकर जानकारी ली. उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन अपना काम कर रहा है. हमें अफवाहों पर ध्यान नहीं देना और कोई गलत कदम नहीं उठाना है. हर बार प्रशासन के खिलाफ नहीं रहना है. जब प्रशासन सही कार्रवाई कर रहा तो हमें खड़ा रहना है. उन्होंने कहा कि समुदाय विशेष वर्ग के वरिष्ठ लोगों को भी निर्णय लेकर जो दोषी हैं उनको पुलिस के हवाले करना चाहिए.
शांति भंग करने पर की कार्रवाई
नगर में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में कालू भट्ट और अंकुश ठाकुर नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. सुरक्षा की दृष्टि से नगर में पुलिस बल तैनात हैं और सभी को शांति बनाए रखने का कहा जा रहा है.
आकाश अमलकर,
एसडीओपी आष्टा
