सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदे गए गड्ढों से शहर की सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बिलौंजी कॉन्वेंट मार्ग सहित कई मोहल्लों में सड़कों के किनारे बने गड्ढे लंबे समय से भरे नहीं जा सके हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बिलौंजी कॉन्वेंट मार्ग पर स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है।
यहां सड़क किनारे गहरे गड्ढे खुले हुए हैं, जहां संकेतक, बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नजर नहीं आते। रात के समय इन गड्ढों का पता चलना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली वाहनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार कई बार दुर्घटना जैसी स्थिति बन चुकी है।
शहरवासियों का कहना है कि सड़क पर खोदाई के बाद समय पर मरम्मत और भराव न होने से परेशानी बढ़ रही है। नागरिकों ने अपेक्षा जताई है कि संबंधित एजेंसियां शीघ्र गड्ढों को भरकर सड़कों को सुरक्षित बनाएंगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
