जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत इमलई स्थित जुपिटर वैगन्स फैक्ट्री के भीतर हुए विवाद के बाद सहकर्मी की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसे रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।टीआई विपिन बिहारी सिंह के अनुसार 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे इमलई स्थित जुपिटर वैगन्स फैक्ट्री मेें तैनात गार्ड धीरज यादव को वाकी- टॉकी पर एडम ब्लॉक में एम्बुलेंस भेजने की सूचना मिली थी।
जब गार्ड मौके पर पहुँचा, तो वहाँ सोमनाथ चिटी निवासी पश्चिम बंगाल लहूलुहान हालत में मिला था। पता चला कि सोमनाथ का विवाद आदित्य पासवान निवासी बिहार के साथ हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आदित्य ने गुस्से में आकर कमरे में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सोमनाथ के गले पर वार कर दिया। घायल सोमनाथ को तत्काल एम्बुलेंस से पनागर अस्पताल ले जाया गया था वहाँ उपचार के दौरान वह अचानक पलंग से गिर गया था जिससे गले की चोट से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया था.
जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में मामला मर्ग जांच में था, लेकिन मेडिकल अस्पताल से मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार शार्प पेनिट्रेटिंग ऑब्जेक्ट (नुकीले हथियार) से वार करने के कारण सोमनाथ के गले की मुख्य नस कट गई थी, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बनी। पुलिस ने आरोपी आदित्य कुमार पासवान (19) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने इमलई में दबिश दी और आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया।
