इंदौर: मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बुधवार शाम एसएसटीडी अंतर्गत स्वीकृत विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा बैठक ली. बैठक में सभी 15 जिलों के अधीक्षण यंत्रियों एवं एसटीसी प्रभारियों से कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.
समीक्षा के दौरान एनएचआई, रेलवे और वन विभाग से आवश्यक अनुमतियां समय पर प्राप्त कर परियोजनाओं की गति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.
सिंह ने कहा कि नए ग्रिड, 33 केवी एवं 11 केवी लाइनों का विस्तार ट्रांसफार्मर स्थापना तथा पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि जैसे कार्यों से लाखों उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता और अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी. बैठक में कार्यपालक निदेशक एसएल करवाड़िया, मुख्य अभियंता अचल जैन, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय, सुनील पटौदी, मुख्य वित्त अधिकारी अजयपाल सिंह अवास्या, राजेश माहौर, आरबी दोहरे, शहर अधीक्षण यंत्री डीके गाठे एवं विनोवा तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
