जम्मू, 12 जून (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के एकमात्र द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कुलदीप हांडू को डोपिंग रोधी अनुशासन पैनल का सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुलदीप हांडू को डोपिंग रोधी नियम, 2021 के तहत दो साल की अवधि या राष्ट्रीय डोपिंग रोधी अधिनियम 2022 के लागू होने तक, जो भी पहले हो, डोपिंग रोधी अनुशासन पैनल (एडीडीपी) के खेल सदस्य के रूप में मंजूरी दी गई है।
हांडू ने यूनीवार्ता से कहा, “ नाडा के एडीडीपी पैनल का सदस्य बनना मेरे लिए सम्मान की बात है और मुझे इसका सौभाग्य मिला है।”
उन्होंने कहा “ नौकरी के अलावा मैं खिलाड़ियों को वाडा के नियमों से अवगत कराने की पूरी कोशिश करूंगा और यह अवसर देने के लिए मैं युवा मामले और खेल मंत्रालय और नाडा का आभार व्यक्त करता हूं।” पूर्व अंतर्राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी हांडू वर्तमान में भारतीय वुशु टीम के राष्ट्रीय मुख्य कोच हैं। जम्मू-कश्मीर में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत हांडू विभाग में खेल अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
